आजमगढ़। नगर पालिका क्षेत्र में जलकल विभाग शत प्रतिशत परिवारों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने में अक्षम साबित हो रहा है। कई क्षेत्रों में पाइप लाइन में लीकेज होने से हजारों लीटर पेयजल बर्बाद हो जा रहा है। बदरका-दलसिंगार मुहल्ले में एक सप्ताह से पीने के पानी की बर्बादी हो रही है। साथ ही नाली का गंदा पानी घरों तक सप्लाई हो रही है।
जलकल कार्यालय शहर के पांडेय बाजार तिराहे पर स्थित है। सभी नगरवासियों से जलकल की वसूली तो की जा रही है, लेकिन विभाग अब तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति कर पाने में सक्षम नहीं हो सका है। बदरका-दलसिंगार मुहल्ले में एक सप्ताह पूर्व घरों को सीवर लाइन से जोड़ने का कार्य चल रहा था। इस दौरान पाइप में लीकेज होने से हजारों लीटर पानी नाली में बह रहा है। वही पानी इसी लीकेज के जरिए लोगों के घरों में सप्लाई हो रहा है। बदरका, कुंदीगढ़, दलसिंगार आदि मुहल्ले में जल्द मरम्मत नहीं कराए जाने पर लोग बीमार पड़ सकते हैं। आजमगढ़ के जलकल जेई संजय वर्मा ने कहा कि पाइप लाइन में लीकेज जल निगम द्वारा कराये जा रहे सीवर कार्य से हुई है। उससे मरम्मत करने की जिम्मेदारी जलनिगम की है। यह विषय मेरे संज्ञान में है, लीकेज से जहां पानी बर्बाद होने के साथ गंदा पानी सप्लाई हो रही है। जल निगम को इसे ठीक कराने का निर्देश दिया है। एक्सईएन एसके सिंह यादव ने कहा कि सीवर कार्य के दौरान पाइप लाइन में लीकेज की जानकारी हुई। मैं स्वयं मौके पर पहुंच कर यथा स्थिति देखी। ठेकेदार को जल्द लीकेज ठीक कराने का निर्देश दे दिया है। सीवर कार्य के दौरान मानकों की अनदेखी और जनता की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी संबंधितों को कार्य में सुधार लाने का भी निर्देश दिया है। मैं स्वयं कार्यों का निरीक्षण करूंगा।