आजमगढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन के सहयोग से आकांक्षा समिति, लाइफ लाइन फाउंडेशन, हुनर संस्थान और सिविल सोसाइटी के संयुक्त तत्वाधान में 9वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम के तहत रविवार को डीएवी मैदान में पतंगबाजी का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों और आम जनमानस ने भाग लिया। पतंग उड़ाकर लोगों ने यह संदेश दिया कि लोग मतदान करने के प्रति जागरूक हों और मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इस अवसर पर फ्लैक्स बोर्ड पर मतदाता जागरूकता के लिए हस्ताक्षर भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के बहुत से अधिकारी इस कार्यक्रम से अनुपस्थित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह और स्वीप प्रभारी डीडीओ रविशंकर राय को अनुपस्थित अधिकारियों की सूची शाम तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।इस मौके पर एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरु प्रसाद, एसपी सिटी कमलेश बहादुर सिंह, एसपी ग्रामीण एनपी सिंह, डीडीओ रविशंकर राय, पीडी अभिमन्यु कुमार सिंह, डीआईओएस वीके शर्मा, एसडीएम सदर अरूण कुमार सिंह, तहसीलदार सदर हेमंत कुमार गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, इंजी. कुलभूषण सिंह आदि उपस्थित थे।
जिनकी रही भागीदारी
आजमगढ़। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही स्वयंसेवी संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। जिसमें अभिभावक महासंघ के अध्यक्ष युधिष्ठिर दुबे, सचिव गोविंद दुबे, नारी शक्ति संस्थान की सचिव पूनम तिवारी, डा. डीपी तिवारी, महिला मंडला की पूनम सिंह, न्यू कला केंद्र से विभा गोयल, अभया महिला संवा संस्थान से अनामिका सिंह पालीवाल, डा. गायत्री, सुमन यादव, गांधी गिरि टीम, पूर्वांचल विकास आंदोलन के प्रवीण सिंह, प्रतिभा निकेतन स्कूल के प्रबंधक रमाकांत वर्मा, सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव आदि थे।
वोट देने जाना है अपना फर्ज निभाना है...
लाटघाट। श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी में रविवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। प्राचार्य डॉ. रामअवध यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। राष्ट्रीय सेवा योजना बैनर के तले निकाली गई रैली में स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने बैनर और स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। मतदान महादान, सारा काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, वोट मैं अपना देकर आया चुनकर है सरकार बनाया, सही उम्मीदवार का करो चुनाव बेईमानों को मत दो भाव, आपका मतदान लोकतंत्र की पहचान, वोट देने जाना है अपना फर्ज निभाना है.. आदि स्लोगन से लोगों को जागरूक किया गया। महाविद्यालय परिसर से निकलकर रैली महुलिया, बोझिया और मालटारी बाजार से होकर महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। रासेयो प्रभारी नितेश जायसवाल ने कहा कि मतदान सबसे महत्वपूर्ण है। इसे प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। शैलेश सिंह ने कहा कि जिसकी उम्र 18 वर्ष हो गई है और मतदाता नहीं है तो पहले मतदाता बने। जनार्दन राय, शिवबचन राम, बृजेश शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।