अमर उजाला की ओर से एक दिन पहले ही बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में फंड न आने से स्वेटर वितरण का कार्य प्रभावित होने की मुद्दा उठाते ही विभाग को बच्चों की परेशानी याद आ गई। स्वेटर खरीद के लिए विद्यालय शिक्षा समिति के खाते में 3.46 करोड़ रुपये भेज दिए गए। विद्यालय शिक्षा समिति को जल्द खरीदारी कर स्वेटर वितरण करने के निर्देश प्रभारी बीएसए की ओर से दिए गए हैं।
शासन की ओर से प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और अशासकीय सहायत प्राप्त स्कूलों के बच्चों को स्वेटर बांटने के लिए लगभग डेढ़ अरब का बजट निर्धारित कर दिया गया था। विद्यालय शिक्षा समिति की ओर से स्वेटर खरीद कर बांटने की व्यवस्था भी की गई थी। लेकिन विद्यालयों को फंड न भेजे जाने से स्वेटर वितरण का कार्य प्रभावित हो रहा था। अमर उजाला की ओर से 12 जनवरी के अंक में ये मुद्दा उठाने के बाद ही प्रभारी बीएसए डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि स्वेटर खरीद के लिए विद्यालय शिक्षा समिति के खाते में 3.46 करोड़ रुपये भेज दिए गए। विद्यालय शिक्षा समिति को जल्द खरीदारी कर स्वेटर वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। आजमगढ़ में 3250 स्कूलों के 3.40 लाख बच्चों को स्वेटर बांटे जाने हैं। फंड आने के बाद भी एक साथ इतनी मात्रा में मरून कलर का स्वेटर मिलना मुसीबत बना हुआ है।