आजमगढ़ (ब्यूरो)। जनपद में उपनिर्वाचन के लिए एक जुलाई को मतदान होना है। जिसके तहत शनिवार को नामांकन वापसी का कार्य संपन्न हुआ। जिसमें अजमतगढ़ विकास खंड की छपरा सुल्तानपुर सीट से साधना के नामांकन वापस लेने पर आरओ एडीएम वित्त एवं राजस्व वीके गुप्ता ने माफिया कुंटू की भाभी किरन सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर तत्काल प्रमाण पत्र दे दिया । जबकि अन्य कई क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए लेकिन वहां के आरओ ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र नहीं दिया। ऐसे में सवाल उठ खड़ा हुआ है।
माफिया कुंटू की भाभी किरन सिंह निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र देने को प्रशासन नियमानुसार बता रहा है वहीं दूसरी तरफ प्रशासन अन्य निर्विरोध हो चुके प्रत्याशियों के साथ दोहरा रुख अपनाए हुए है। क्योंकि जहां एक तरफ माफिया कुंटू सिंह की भाभी किरन सिंह पत्नी अशोक को विजयी होने का प्रमाण पत्र दे दिया गया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मिर्जापुर की परवेजाबाद कैथौली सीट पर जितेंद्र पुत्र टिल्ठू, तहबरपुर विकास खंड की जानकीपुर अहियाई सीट पर फूलमती, पल्हनी विकास खंड की हैदराबाद सीट से सुषमा यादव पत्नी स्व. जय प्रकाश यादव का निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए लगभग सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। लेकिन अभी भी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र नहीं मिला है।
अगर कहीं पर निर्विरोध निर्वाचन होता है तो चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने से पूर्व ही प्रत्याशी को विजयी घोषित कर प्रमाण पत्र दिया जा सकता है। - वीके गुप्ता, आरओ अजमतगढ़।
मिर्जापुर विकास खंड की परवेजाबाद कैथौली क्षेत्र पंचायत सीट पर जितेंद्र का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है लेकिन उन्हें प्रमाण तीन जुलाई को चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही दिया जाएगा। - डा. गनेश प्रसाद, आरओ मिर्जापुर।
तहबरपुर की जानकीपुर अहियाई सीट पर फूलमती का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है लेकिन चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद तीन जुलाई को ही उन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा। - राहुल राय, आरओ तहबरपुर।
पल्हनी विकास खंड के हैदराबाद सीट के लिए सुषमा यादव के निर्विरोध निर्वाचन की सूची जारी हो गई है लेकिन प्रमाण पत्र उन्हें चुनाव संपन्न होने के बाद दिया जाएगा। - डा. जगदीश प्रसाद मौर्य, आरओ पल्हनी।