पिछले माह अर्नब तूफान के कारण जिले के कई किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ, लेकिन फसल क्षतिपूर्ति के लिए सिर्फ 18 किसानों ने टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
बीमित कंपनी की ओर से इनका सर्वे कराकर रिपोर्ट भी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी गई है। आगामी जनवरी में क्षतिपूर्ति मिलने की उम्मीद है। अन्य किसानों को क्रॉप कटिंग के आधार पर क्षतिपूर्ति दी जाएगी।
जिले में इस बार 1.69 लाख हेक्टेयर में धान की खेती की गई है। फसल बीमा की बात की जाए तो इस बार 39029 किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है और बीमा कंपनी को प्रीमियम के रूप में 1.83 करोड़ रुपये जमा किए हैं। इस बार धान की फसल भी अच्छी है।
कुछ किसान कटाई भी शुरू कर चुके थे। इसी बीच अर्नब तूफान के कारण अचानक मौसम खराब हो गया। आंधी के साथ बारिश होने से सैकड़ों किसानों की फसल जमीन पर गिर गई। इसके अलावा कई किसानों की खेत में काटकर छोड़ी गई फसल में पानी लग गया था।
नुकसान की भरपाई के लिए कृषि विभाग की तरफ से टोल फ्री नंबर जारी किया था। इस पर 18 किसानों ने फसल को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई। बीमित कंपनी और विभाग की तरफ से इनका सर्वे कराकर रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी गई है।
जो किसान अपनी शिकायत दर्ज नहीं करा पाए हैं, उन्हें क्रॉप कटिंग के आधार पर मानक से कम उपज निकलने पर क्षतिपूर्ति दी जाएगी। प्रति गांव चार किसानों के खेतों में क्रॉप कटिंग की जाएगी।
00
फसल क्षतिपूर्ति के लिए टोल फ्री नंबर पर 18 किसानों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इनका सर्वे कराकर रिपोर्ट भेज दी गई है। अन्य बीमित किसानों को क्रॉप कटिंग के आधार पर क्षतिपूर्ति का लाभ दिया जाएगा। -सोहित यादव, जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना।