आजमगढ़। केंद्र सरकार की ओर से दो नवीन गर्भ निरोधक त्रैमासिक इंजेक्शन अंतरा और साप्ताहिक गोली छाया की शुरुआत की गई थी। जनपद में अंतरा की शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय में फरवरी-2018 से हुई थी। अंतरा इंजेक्शन को लेकर काफी भ्रम होने की वजह से महिलाएं इंजेक्शन नहीं लगवाती। इनको ध्यान में रख अंतरा केयर लाइन का संचालन किया गया है। टोल फ्री नंबर 1800-1033-044 पर लाभार्थी फोन कर अंतरा से संबंधित अपनी समस्याओं का समाधान कर सकता है। अंतरा इंजेक्शन से कई समस्याएं महिलाओं को होती है जिससे वे घबरा जाती थी और अगला इंजेक्शन नहीं लगवाती। इससे अनचाहा गर्भ ठहरने की संभावनाएं फिर से बढ़ जाती है। इसको ध्यान में रखते हुए अंतरा केयर लाइन का संचालन किया गया है। जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक विपिन बिहारी पाठक ने बताया कि टोल फ्री नम्बर पर लाभार्थी जानकारी ले सकती हैं। अंतरा और छाया की सुविधा जिला महिला चिकित्सालय और साथ ही जनपद के सभी 22 ब्लॉकों में प्रदान की जा रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. पकंज कुमार ने सबी सीएमओ को निर्देशित किया है कि वह अपने मंडल और जिले की समस्त इकाइयों में हेल्पलाइन की सूचना प्रदर्शित कराएं।
ऐसे मिलेगा लाभ
यह निशुल्क टेलीफोनिक परामर्श सेवा है। पहला इंजेक्शन लगवाते ही लाभार्थी को निशुल्क नंबर पर अपना नाम पंजीकृत करवाना है। ताकि उन्हें समय पर इन्जेक्शन संबंधी परामर्श मिलती रहे। इंजेक्शन संबंधी उसके मन में जो भी सवाल उठते हैं, उसे उचित जवाब मिलता है। अगले इंजेक्शन की तारीख भी याद दिलाई जाती है। लाभार्थी की सूचनाएं गोपनीय रखी जाती हैं। सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक परामर्श उपलब्ध है।