जनपद के परिषदीय विद्यालयों में दो शिक्षक और शिक्षामित्र साफ-सफाई और अन्य कार्यों में जुटे रहे। आधी-अधूरी तैयारी के बीच आज से विद्यालय खुलेंगे। हालांकि बीआरसी केंद्र पर अभी पुस्तकें नहीं पहुंची हैं। इससे पहले दिन बच्चों के पास किताबें और ड्रेस-बैग नहीं पहुंच पाएंगे।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी ने रविवार को कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। विद्यालय खुले मिले, जहां शिक्षक साफ-सफाई करवाने में जुटे थे। खंड शिक्षा अधिकार ी ने बताया कि दो जुलाई से विद्यालय सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होगा। सभी शिक्षक समय से विद्यालय उपस्थित होकर शिक्षण कार्य करें। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय के निर्देश पर 30 जून और एक जुलाई को विद्यालय खोल कर शिक्षक सफाई कराने में लगे रहे। अजमतगढ़ ब्लॉक में कुल 132 प्राथमिक और 54 जूनियर विद्यालय संचालित हैं। प्राथमिक विद्यालय में 12 हजार से अधिक और जूनियर विद्यालय में चार हजार पांच सौ से अधिक बच्चे हैं। बच्चों को पढ़ने के लिए अभी तक बीआरसी केंद्र पर पुस्तकें नहीं पहुंची हैं। खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी ने बताया अभी तक जिले पर ही पुस्तक नहीं आई है। पुस्तक उपलब्ध होते ही बच्चों को वितरित कर दी जाएगी।