आजमगढ़। आकांक्षा समिति द्वारा महिला सशक्तिकरण के तहत 27 नवंबर को जिला अस्पताल में रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न कालेजों के बच्चों द्वारा शनिवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम से जागरूकता रैली निकाली गई और कलेक्ट्रेट परिसर में रंगोली बनाकर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता रैली में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, जीजीआईसी, विद्या इंटर कालेज, एसबीएस इंटर कालेज, एसकेपी इंटर कालेज, शिब्ली इंटर कालेज, प्रतिभा निकेतन, अग्रसेन इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, स्काउट और डिग्री कालेज के एनसीसी के छात्र/छात्राओं ने प्रतिभाग किया। रैली सुखदेव पहलवान स्टेडियम ब्रम्हस्थान से निकलकर पहाड़पुर, मुकेरीगंज होते हए जिला चिकित्सालय पर समाप्त हुई। समिति की अध्यक्ष अंजना सिंह सेंगर ने बताया कि बहुत से लोग सोचते रहते हैं कि रक्तदान से उनके शरीर पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। लेकिन यह बिल्कुल गलत है। बल्कि इससे बहुत सारे फायदे होंगे । उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से 60 वर्ष तक का कोई भी स्वस्थ्य इंसान और जिसका वजन लगभग 45 किग्रा से अधिक हो तीन माह के अंतराल के बाद रक्तदान कर सकता है। बच्चों ने स्लोगन के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया । रैली की समाप्ति के बाद जीजीआईसी, सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, अग्रसेन इंटर कालेज, प्रतिभा निकेतन, निस्वा इंटर कालेज, सर्वोदय पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बाबा संत प्रसाद राम इंटर कालेज, जीडी ग्लोबल और अग्रसेन महिला पीजी कालेज के छात्र/छात्राओं द्वारा रक्तदान महादान रंगोली कलेक्ट्रेट परिसर में बनाकर रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। रंगोली का जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने निरीक्षण किया और बच्चों के प्रयास की सराहना की।