आजमगढ़। नगर पालिका परिषद चुनाव 2017 की मतदाता सूची से कई वार्डों से मतदाताओं का नाम काटे जाने और मताधिकार से वंचित करने वाले बीएलओ और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के पूर्व संयोजक हरिबंश मिश्रा के नेतृत्व प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
पूर्व संयोजक का आरोप है कि निकाय चुनाव को प्रभावित करने के लिए राजनैतिक दबाव में मतदाता सूची से नाम काटे गए है। उन्होंने नगर निकाय के 25 वार्डो में बीस हजार से ऊपर लोगों के नाम को मतदाता सूची से कटवाकर मताधिकार से वंचित करने वाले बीएलओ और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम बढ़वाने, विलोपन, नामावली मे संशोधन किए जाने का कार्य बीएलओ को दिया गया था। जो किसी भी वार्ड में नहीं गए। इस मौके पर कृपाशंकर पाठक, हलधर दुबे, सौरथ गुप्ता, आशीष गुप्ता, अजय मौर्या, जय राम यादव, मोनू विश्वकर्मा, अभिषेक गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।