आजमगढ़। ठंड के समय में बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता नहीं दिखाना 16 प्रधानाध्यापकों को महंगा पड़ गया। 10 प्राथमिक और छह उच्च प्राथमिक में स्वेटर वितरण नहीं होने की खंड शिक्षा अधिकारी बिलरियागंज की रिपोर्ट पर बीएसए ने 16 प्रध्यानाध्यापकों के वेतन पर रोक लगा दी है।
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने और बच्चों को आकर्षित करने लिए शासन की ओर से मिड-डे मील, स्कूल बैग, स्वेटर, जूता-मोजा आदि का वितरण किया जा रहा है। योजना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके बाद भी प्रधानाध्यापकों की ओर से योजना को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। खंड शिक्षाधिकारी बिलरियागंज ने पिछले दिनों बीएसए को सूचना दी थी कि क्षेत्र के 10 प्राथमिक और छह उच्च प्राथमिक विद्यालयों में में स्वेटर वितरण नहीं हुआ है। जबकि शासन से ठंड शुरू होने से पहले स्वेटर वितरण के आदेश थे। इसमें प्रावि देवई रसूलपुर, प्रावि मठ विसम्भर, प्रावि श्रीनगर, प्रावि पलिया, प्रावि फुलवारी , प्रावि पहलवानपुर, प्रावि तेजपुर, उच्च प्रावि पतिलागौसपुर, प्रावि खालिसपुर, प्रावि पतिला गौसपुर, उच्च प्रावि जलालपुर, उच्च प्रावि शेखपुर, प्रावि केशवपुर-1, प्रावि सेठारी, उच्च प्रावि मानपुर और श्रीनगर शामिल हैं। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी प्रधानाध्यापकों का वेतन रोक दिया है।