कटानी बाजार। महराजगंज थाना क्षेत्र के महाजी देवारा निबियहवा गांव में सोमवार की दोपहर चूल्हे की चिंगारी से आग से पूरी निषाद बस्ती राख हो गई। बस्ती के 60 लोगों की 163 मड़ईयां और भीतर रखे गए हजारो रुपये मूल्य के सामान, कपड़े, रुपये, राशन आदि जलकर नष्ट हो गया। तहसीलदार सगड़ी के निर्देश के बावजूद कोटेदार से अब तक राशन नहीं मिला। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी बस्ती से दूर ही रहे।
बता दें कि महाजी देवारा निबियहवा गांव के निषाद बस्ती में रामजी निषाद के घर से निकली चिंगारी से गांव के 60 लोगों की 163 रिहाइशी मड़ईयां खाक में मिल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। घटना के बाद तहसीलदार सगड़ी मनोज कुमार राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने कोटेदार को पीड़ितों को राशन आदि देने का निर्देश दिया था। अधिकारियों के निर्देश पर सोमवार की शाम पीड़ितों का सामूहिक भोजन गांव के प्राइमरी स्कूल में बना। पीड़ितों को तहसीलदार के निर्देश पर दूसरे दिन मंगलवार को कोटेदार से राशन मिलने की उम्मीद थी। लेकिन कोटेदार की तरफ से इन्हें राशन न मिलने से सभी मायूस दिखे। मंगलवार को पीड़ित परिवार अपने सामान और बच्चों के साथ पेड़ की छांव लेते दिखे। घटना के दूसरे दिन गांव में जनप्रतिनिधियों के न पहुंचने पर भी लोग नाराज दिखे। उनका कहना था कि वोट के समय तो सामुहिक छींक आने पर नेताओं का जमघट लग जाता था, लेकिन इतनी बड़ी घटना होने के बाद कोई भी सहायता तो दूर की बात रही, सांत्वना देने तक के लिए गांव में नहीं पहुंचा।
भाजपाइयों ने दी सांत्वना
आजमगढ़। महराजंगज के महाजी देवारा जदीद में सोमवार को हुई अगलगी में 66 मकान राख हो गए थे। इसका जायजा लेने के लिए मंगलवार को भाजपा का प्रतिनिधिमण्डल जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। सरकार की ओर से प्रदत्त सभी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिलाया। प्रतिनिधिमण्डल में श्रीकृष्ण पाल, हरेन्द्र सिंह, लालजी, अशोक मौर्या, नरेन्द्र सिंह, ज्ञान राम प्रधान उपस्थित रहे।
अगलगी का जायजा लेने पहुंची भाजपा की टीम
आजमगढ़। महराजगंज ब्लाक के महाजी देवारा जदीद गांव में हुई अगलगी की घटना का जायजा लेने के लिए भाजपा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को गांव में पहुंचा। जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ग्रामीणों से मिल कर सांत्वना दी और घटना के बारे में जानकारी ली। जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में श्रीकृष्ण पाल, हरेंद्र सिंह, लाल जी प्रधान, अशोक मौर्य, नरेंद्र सिंह, ज्ञानराम प्रधान आदि शामिल रहे।