आजमगढ़। समाज के लिए हमेशा कुछ नया करने वाली टीम गांधीगिरी ने मंगलवार को नरौली तिराहे पर बिना हेलमेट लगाने वाले लोगों में गुलाब के फूल बांटे। टीम के सदस्यों ने लोगों को हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बालकृष्ण पांडेय ने टीम के इस प्रयास की सराहना की।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि ऐसे जागरूक युवा खुद अपनी टीम को जागरूक करते ही हैं साथ ही अन्य सभी के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बन जाते हैं। आगे चलकर निश्चित ही इस अभियान से लोगों में इस बात का भय होगा कि हेलमेल लगा लो नहीं तो गुलाब मिल जाएगा। यह भले ही मामूली बात लग रही हो लेकिन इन हादसों की पीड़ा को भरने में दशकों लग जाते हैं। क्योंकि सड़क हादसे में मृतकों की तादाद दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसलिए हेलमेट की इ जागरूक पहल के लिए पूरा आरटीओ महकमा टीम की मदद करेग। टीम गांधीगिरी के सदस्य आशीष उपाध्याय ने कहा कि हमने स्वच्छता के प्रति गुलाब से क्रांति लाने का प्रयास किया था। इसके बाद अब हमारी टीम गुलाब के जरिए हेलमेट की अपील करेगी ताकि हमारे मानवता की रक्षा हो सके। संयोजक विवेक पांडेय ने कहा कि जनपद में बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए हमारी टीम ने तय किया कि हम लोग अब लोगों को हेलमेट लगाने के लिए गुलाब के जरिए वार करेंगे। इस मौके पर प्रणीत श्रीवास्तव, ऋषभ उपाध्याय, ऋषभ पंडित, सत्यम चौबे, अरूण यादव, आलोक सिंह, छोटू उपाध्याय, सौरभ गुप्ता संटी, आशुतोष पांडेय आदि उपस्थित थे।