आजमगढ़। जिला मुख्यालय से चलकर दिल्ली को जाने वाली कैफियात एक्सप्रेस का संचालन मऊ से करने की सूचना पर बुधवार को विभिन्न संगठनों के साथ ही महिला संगठन भी आगे आया है। बुधवार को भी महिलाओं के अलावा कई संगठनों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कैफियात का संचालन मऊ से नहीं कराने की मांग की।
महिला मंडल जनसेवा समिति ने कैफियात को मऊ से चलाने की सूचना के विरोध में बुधवार को स्टेशन अधीक्षक को रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। महिला मंडल की प्रबंधक पूनम सिंह ने कहा कि एकमात्र कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन ही आजमगढ़ से किया जाता है जो कि मशहूर शायर स्व. कैफी आजमी के नाम से संचालित होती है। लगभग 50 लाख की आबादी वाले इस जनपद से प्रतिदिन तीन हजार से अधिक यात्री इस ट्रेन से आवागमन करते हैं। जिसे देखते हुए अगर कैफियात एक्सप्रेस का संचालन मऊ से किया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अमितलता सिंह, सुमन सिंह, चंदा तिवारी, बंदना पाठक, नीलम सिंह, अर्चना मिश्रा, अनीता उपाध्याय, रेखा श्रीवास्तव, क्षमा गुप्ता, सारिका आदि उपस्थित थीं।
वहीं पूर्वांचल विकास आंदोलन के नेतृत्व में भी बुधवार को मंडलायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री और रेलमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें उनसे कैफियात एक्सप्रेस को मऊ से संचालित किए जाने पर विरोध जताया गया। संगठन के सदस्यों ने प्रधानमंत्री और रेलमंत्री से अपने इस निर्णय को बदलने की मांग की और कहा कि मऊ से आजमगढ़ होते हुए एक और ट्रेन चलाई जाए। इस मौके पर प्रवीण कुमार सिंह, रामकवल यादव, कृष्णमोहन त्रिपाठी, विनोद कुमार सिंह, अरूणकांत पाठक आदि उपस्थित थे।
वहीं, युवा मंच के कार्यकर्ता भी श्रीकृष्ण उर्फ किशन के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने जिलाधिकारी को रेलमंत्री के नाम से संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने मांग की कि कैफियात एक्सप्रेस जनपद के मशहूर शायर कैफी आजमी के नाम पर संचालित होती है। देश की राजधानी में इसी के नाम से जनपद की पहचान होती है। इसलिए ट्रेन के संचालन में परिर्वतन न किया जाए। इस मौके पर राजा ज्ञानेश, विवेका पांडेय, राहुल सिंह, अभिषेक सिंह, नीरज, कुनाल, भारत सिंह, प्रमोद यादव, सुनील विश्वकर्मा, पंकज गिरी आदि उपस्थित थे।