आजमगढ़। जिले के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार शुक्रवार को जनपद में विकास कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिन नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है उसकी सूची और 30 जून तक निर्माणाधीन सड़कों का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा में नपा आजमगढ़ के ईओ विरेंद्र श्रीवास्तव ने प्रमुख सचिव को बताया कि नगर के 25 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर उसका निस्तारण डंपिंग ग्राउंड में किया जा रहा है। उन्होंने ईओ को शहर की साफ-सफाई के साथ पालीथीन के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया। एसबीएम और एलओबी शौचालय निर्माण में प्रभारी डीपीआरओ डीडीओ रविशंकर को अपूर्ण शौचालयों केे पूर्ण कराते हुए उनकी जीओ टैगिंग 30 जून तक कराने का निर्देश दिया। प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि आवारा पशुओं के लिए निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराएं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भूसा बैंक के शेड को मनरेगा से बनवाएं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में 27 जून को होने वाले सामूहिक विवाह योजना के लिए पात्र जोड़ों की सूची तैयार कर ली गयी है। प्रमुख सचिव ने सूची को वेबसाइट पर अपलोड करने और नोटिस बोर्ड पर 17 जून तक चस्पा कराने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय पेयजल योजना के तहत अधिशासी अभियंता जल निगम से कहा कि जनपद में जहां-जहां एकल या समूह में योजनाएं संचालित हैं इसके लिए ब्लाक स्तर पर ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कराकर योजनाओं की यथास्थिति की जानकारी प्राप्त करें। खंड विकास अधिकारी के माध्यम से रैंडम आधार पर योजनाओं की जांच कराएं। डीएसओ को प्रमुख सचिव ने निर्देश दिया कि जहां पर अनाज वितरण मैनुअल किया जा रहा है, उसे कम करें और 30 जून तक ई.पाश मशीन से 90 प्रतिशत तक वितरण कराएं। अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि 30 नई सड़कों में से दो सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने शेष सड़कों का निर्माण 30 जून तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया। नोडल अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश देते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर, विद्युत बिल, विद्युत आपूर्ति की जहां से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उसका उच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं। सिंचाई की समीक्षा में पाया कि जनपद में कुल 542 ट्यूबवेल स्थापित हैं, जिसमें 16 ट्यूबवेल खराब हैं। जिसमें से नौ ट्यूबवेल विद्युत दोष तथा सात ट्यूबवेल यांत्रिक दोष से खराब हैं। उन्होंने विद्युत दोष से खराब टयूबवेलों की सूची अधिशासी अभियंता विद्युत को उपलब्ध कराने को कहा। नगर विभाग की समीक्षा में पाया कि जिले में 384 नहर हैं, जिसमें से 188 नहरों में टेल तक पानी सुलभ है तथा 243 तालाबों के सापेक्ष 241 तालाब पानी से भरे हुए हैं। नोडल अधिकारी ने कहा कि जहां-जहां तालाब भरे हुए हैं, उसकी सूची सीडीओ को उपलब्ध कराएं। जिन नहरों में पानी टेल तक नही पहुंचा है उन नहरों की भी सूची उपलब्ध कराएं। 50 लाख से अधिक लागत के निर्माण में प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि जिन-जिन परियोजनाओं का कार्य 80 तथा 90 प्रतिशत से ऊपर हैं, उसको समय पहले पूर्ण करा लें। एंटी भू.माफिया की समीक्षा में पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि यदि आप के विभाग की जमीन पर कहीं भी भू माफियों द्वारा कब्जा किया गया है, तो उसकी सूचना उपलब्ध कराएं। पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि जनपद में थाने स्तर पर भी पेट्रोलिंग की कार्रवाई कराएं। इस मौके पर डीएम एनपी सिंह, सीडीओ डीएस उपाध्याय, एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, एसपी त्रिवेणी सिंह आदि उपस्थित थे।
हरिऔध कला भवन का बड़ा होगा मंच
आजमगढ़। जनपद में विकास कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को जिले के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार का जनपद आगमन हुआ। अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने निर्माणाधीन हरिऔध कला भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच का आकार छोटा देख प्रमुख सचिव ने कार्यदायी संस्था को उसका आकार बड़ा करने का निर्देश दिया।
साहित्यकार अध्योध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध के नाम पर रैदोपुर क्षेत्र में हरिऔध कला केंद्र का भवन काफी जर्जर हो गया था। इसके बाद सपा सरकार ने पुराने भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया। इसके लिए सरकार की ओर से 1717.73 लाख की अनुमानित लागत निर्धारित की गई। हरिऔध कला केंद्र का कार्य 27 दिसंबर 2014 से शुरू हुआ लेकिन अब तक बजट के अभाव में इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने बिल्डिंग पर बोर्ड लगा रखा है कि बजट मिलने के आठ महीने बाद इसका कार्य पूर्ण होगा। जबकि कला केंद्र का निर्माण 2017 में ही पूरा होना था।निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने हरिऔध कला केंद्र के प्रथम तल और द्वितीय तल पर स्थित ऑडिटोरियम और लिफ्ट की जगह का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में मंच की आकार कम मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था से उसके आकार को और बड़ा करने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद रंगकर्मी अभिषेक पंडित ने उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। प्रमुख सचिव ने कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द हरिऔध कला केंद्र का निर्माण पूरा करने का निर्देेश दिया।
अस्पताल की व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए प्रमुख सचिव
अतरौलिया। प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार शुक्रवार को विकास कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए जनपद आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने अतरौलिया में 100 शैय्या अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां की साफ-सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। इसके बाद प्रमुख सचिव ब्लाक पर पहुंचे जहां उन्होंने खंड विकास अधिकारी से शासन द्वारा संचालित योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली।
नगर पंचायत अतरौलिया कार्यालय की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं से जहां संतुष्ट नजर आए, वहीं पर अधिशासी अधिकारी अंजली वर्मा को दिशानिर्देश दिए। इसके बाद 100 शैय्या अस्पताल पहुंचकर ओपीडी, अल्ट्रासाउंड, मरीज वार्ड, दवाघर आदि का मुआयना किया। इस दौरान सीएमएस डा. केके झा से अस्पताल के बारे में पूरी जानकारी हासिल की और स्टाफ के उपस्थिति रजिस्टर आदि को भी चेक किया। इस दौरान हॉस्पिटल में डॉक्टरों की कमी को उन्होंने महसूस की। इसके बाद प्रमुख सचिव क्षेत्र पंचायत कार्यालय अतरौलिया पहुंचे जहां पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी आजम अली से मनरेगा, शौचालय, आवास आदि के बारे में जानकारी ली। खंड विकास अधिकारी के पास तीन ब्लॉकों का चार्ज होने के कारण सप्ताह में दो ही दिन बैठने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि बोर्ड पर दिन अंकित कर दें ताकि उनसे मिलने आने वाले लोगों को असुविधा का सामना ना करना पड़े। उन्होंने ग्राम सभाओं में चल रहे समूह का लेखा-जोखा भी बोर्ड पर अंकित करने का निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिया। इस दौरान अधिकारियों कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और प्रमुख सचिव के जाने के बाद ही अधिकारियों कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इस मौके पर एसडीएम बूढ़नपुर दिनेश मिश्र, सीओ बूढनपुर रामजन्म, खंड विकास अधिकारी आजम अली, अधिशासी अधिकारी अंजली वर्मा, सीएमएस डॉ केके झा सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।