मेजवां। फूलपुर के शनिचर बाजार में गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दुकान में बैठे कपड़ा व्यापारी की गोली मार कर हत्या कर दी। उसके सीने में तीन गोलियां मारी गईं थीं। कुछ लोगों ने भाग रहे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। एसपी ग्रामीण, सीओ फूलपुर आदि ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद लग रहा है। अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा।
फूलपुर के शनिचर बाजार निवासी प्रदीप बरनवाल (38) पुत्र सुभाष चार भाइयों में छोटा था। उसकी रेडिमेड कपड़ों की दुकान है। गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दुकान में प्रदीप अकेले था। तभी दुकान के बाहर सफेद बिना नंबर की अपाचे बाइक रुकी। दो युवक नीचे उतरे और दुकान में घुसकर एक ने पिस्टल से प्रदीप के सीने में तीन गोलियां दाग दीं तथा पहले से बाइक स्टार्ट किए साथी के साथ भाग निकले। घायल को कस्बे के निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। बता दें कि प्रदीप की शादी 2007 में मऊ जिले की युवती से हुई थी। पांच साल बाद पत्नी का निधन हो गया। दहेज हत्या के आरोप में प्रदीप उसके पिता और मां काफी दिनों तक जेल में रहे। दो साल पहले जमानत पर रिहा हुए थे। वर्ष 2019 में प्रदीप ने दूसरी शादी कर ली। इसे लेकर प्रदीप और उसके पहली ससुरालवालों से अदावत चल रही थी।