आजमगढ़। जीजीआईसी बगवार में बोर्ड की प्रायोगात्मक परीक्षा के दौरान छात्रों से हुई वसूली की शिकायत अब डिप्टी सीएम से भी कर दी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस प्रकरण की शिकायत करते हुए जांच करा कर कारवाई की मांग की है।
डिप्टी सीएम/माध्यमिक शिक्षामंत्री दिनेश शर्मा को भेजे पत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने आरोप लगाया है कि विद्यालय पर तैनात एक बाबू 1996 से यहां कार्यरत है। वह ही प्रभारी प्रधानाध्यापिका से सांठगांठ कर छात्रों से मासिक शुल्क से अधिक की धनराशि वसूल करता है। उक्त धनराशि प्रधानाध्यापिका व बाबू के बीच बंदरबाट की जाती है। इतना ही नहीं वर्ष 2018-19 के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रायोगात्मक परीक्षा के दौरान भी विद्यालय की छात्राओं से अवैध वसूली की गई। जिसकी शिकायत विद्यालय की एक शिक्षिका ने संयुक्त शिक्षा निदेशक से किया था। जेडी के निर्देश पर डीआईओएस ने दो सदस्यीय टीम बना कर प्रकरण की जांच कराया लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। जिलाध्यक्ष ने विद्यालय पर वर्षों से तैनात वरिष्ठ सहायक को अन्यत्र स्थानांतरित करने और वसूली प्रकरण की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।