अतरौलिया। नहर विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों पर प्रदेश के सिंचाई और जलसंसाधन विभाग के प्रमुख सचिव के आदेश का कोई असर नहीं है। प्रमुख सचिव ने जनपद आगमन पर नहर की टूटी पुलिया ठीक कराने और नहर में पानी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया था। निर्देश को एक माह से अधिक का समय बीत गया लेकिन नहर आज भी सूखी हुई है और किसान परेशान हाल है।
प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन चंद्र प्रकाश त्रिपाठी 30 जनवरी को जिले में आगमन हुआ था। इस दौरान निरीक्षण भवन अतरौलिया में ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर शारदा सहायक खंड नहर में पानी न आने और नहर की पुलिया टूटी होने की शिकायत की थी। जिस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जल्द टूटी पुलिया का निर्माण कराने और नहर में पानी छोड़े जाने का निर्देश दिया था। प्रमुख सचिव के आदेश को एक माह से अधिक का समय बीत गया लेकिन मातहत अधिकारियों/कर्मचारियों ने नहर की सुधि अब तक नहीं ली है। नहर में पानी न होने से किसानों की फसल जहां सूख रही है तो वहीं पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मीरपुर गांव निवासी अजीत मिश्रा, आनंद सिंह, डिंपल सिंह, जियालाल आदि का कहना है कि प्रमुख सचिव के आदेश की भी विभागीय अधिकारी/कर्मचारी अवहेला कर रहे है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नहर में पानी की व्यवस्था नहीं हुई और टूटी पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो वे सड़क पर उतर कर आंदोलन को बाध्य होंगे।- मनोज गोंड