आजमगढ़। रेलवे स्टेशन पर एक सप्ताह के अंदर दो ट्रेनों के बेपटरी होने के मामले की जांच को लेकर सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी एन के झा के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। टीम ने बारीकी से जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की, जिसे डीआरएम को सौंपा जाएगा।
आठ दिसंबर पर तमसा पैसेंजर ट्रेन वाशिंगपिट से प्लेटफार्म पर आने के दौरान बेपटरी हो गई थी। उस दौरान ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिसके चलते कोई बड़ा हादसा तो नहीं हुआ। सूचना पर मऊ व गोरखपुर से आई टेक्निकल टीम ने तमसा एक्सप्रेस के बेपटरी हुए इंजन को पुन: पटरी पर लाया। अभी इस ट्रेन बेपटरी होने की जांच पूरी ही नहीं हुई थी कि 16 दिसंबर को मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर तीन पर बेपटरी हो गई। एक सप्ताह में दो-दो ट्रेनों के बेपटरी होने को रेलवे विभाग ने गंभीरता से लिया है। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी एनके झा के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम वाराणसी से सोमवार को आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनास्थलों की जांच के साथ ही रेलवे स्टेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों व आम जनता से भी पूछताछ कर अपनी रिपोर्ट तैयार की। टीम आए रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि वे अपनी जांच रिपोर्ट डीआरएम को सौंपेगे। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।