आजमगढ़। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंड पर 17 सूत्री मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष सीमा यादव की अध्यक्षता में कलम बंद हड़ताल करते हुए धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होंगी कलम बंद हड़ताल जारी रहेगी।
जिलाध्यक्ष सीमा यादव ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी का दर्ज दिए जाने, आंगनबाड़ी के कर्मचारियों का न्यूनतम मानदेय 18,000रुपया और सहायिकाओं का 9000 रुपया किए जाने, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को योग्यता एवं वरीयता के आधार पर शत-प्रतिशत मुख्य सहायिका पद पर प्रमोशन दिए जाने, पिछली सरकार में एक अक्तूबर 16 से बढ़े हुए मानदेय के एरियर का भुगतान किए जाने सहित 17 सूत्री मांगों को जल्द से जल्द पूरा किए जाने की मांग उत्तर प्रदेश सरकार से की। नगर संरक्षक अभयदत्त गोंड एडवोकेट ने संचालन करते हुए कहा कि अगर सरकार हठधर्मिता पर उतारु है तो हम सभी को कमरकस कर मैदान में उतरना पड़ेगा। अभी तो हड़ताल की जा रही है जरुरत पड़ी तो आमरण अनशन, भूखहड़ताल भी किया जाएगा। नगर अध्यक्ष लक्ष्मी गोंड ने कहा कि सरकार बार-बार समय लेकर हम सभी को गुमराह कर रही है। धरने में शिव कुमारी यादव, सर्वेश, उषा, माया, माधुरी चौरसिया, संगीता गोंड, शशिकला यादव, सुनीता सिंह, इसरावती, वंदना पाठक, सरोज पाल, सरोज उपाध्याय, विजय लक्ष्मी सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी और सहायिका उपस्थित रही।