लाटघाट। महुला गढ़वल बांध पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को जिलेदार के नेतृत्व में टीम पहुंची। टीम ने बंधे की पैमाइश करते हुए निशान लगाया। इस निशानदेही पर दूकानदार भड़क गए और जिलेदार सहित कर्मचारियों को बैठा लिया। इसके बाद ग्रामीणों नें प्रदर्शन शुरू कर दिया बाद में जिलेदार के समझाने पर लोग शांत हुए।
बुधवार को जिलेदार दीनानाथ यादव, शिवनाथ यादव, अमित कुमार महुला गढ़वल बांध पर अतिक्रमण हटाने के लिए पैमाइश करते हुए निशानदेही करने पहुंचे। उन्होंने पैमाइश कर निशान लगाना शुरू किया। यह देख वहां मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बैठा लिया और निशानदेही का विरोध करने लगे। उनका कहना था कि हमको इस संबंध में पहले जानकारी नहीं दी गई। इसलिए हमारी मड़ई, नाद, गुमटी आदि को हटाने का जो खर्च आएगा वह दिया जाना चाहिए। टीम ने ग्रामीणों को बताया कि आज मापी हो रही है अभी समय है इसलिए अपना मुकम्मल सामान हटा लें और बंधे को अतिक्रमण मुक्त कर दें। जिलेदार दीनानाथ यादव के काफी समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने बताया कि बंधे से अतिक्रमण को हटाने के लिए इसे चार भागों में बांटकर अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। हैदराबाद, निबियहवा, इस्माईलपुर, रोशनगंज, बेलहिया, खरैलिया में 315 दूकानदारों ने बंधे पर गुमटी आदि रखकर कब्जा जमा रखा है। जिसे हटाने का निर्देश हुआ है जिसके तहत आज मापी हुई है। इस मौके पर मोहन, जयराम, रामअवध, बहादुर, राजधारी, प्रदीप, अवनीश, संजय, विनोद राय आदि उपस्थित थे।