पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हुई शादी
ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के कृतमलपुर गांव में शुक्रवार की रात आई बारात में हर्ष फायरिंग को लेकर घराती और बराती में हुई मारपीट के बाद बगैर शादी के दूल्हा सहित बारात चली गई थी। घटना की जानकारी होने पर रात करीब एक बजे दूल्हे के घर पुलिस पहुंची और उसे लड़की के घर लाकर शादी संपन्न कराई। दूल्हा पिटाई के डर से नहीं आ रहा था लेकिन पुलिस ने जब सुरक्षा का भरोसा दिया तो उसने जाकर शादी रचाई।
बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर गांव निवासी इंद्रेश यादव पुत्र नंदलाल की शादी कृतमलपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव की पुत्री पूनमसे तय थी। शुक्रवार को निर्धारित समय पर इंद्रेश की बारात कृतमलपुर गांव पहुंची। घरातियों ने गर्मजोशी से बारातियों का स्वागत किया। द्वारपूजा के समय कुछ बराती हर्ष फायरिंग करने लगे। ताबड़तोड़ गोलियों की तड़तड़ाहट से दुल्हन का पिता सुरेंद्र बेहोश हो गया। इस दौरान गांव में अफवाह फैल गई कि उसे गोली लग गई। आनन-फानन पर सुरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया।
उधर घटना की जानकारी होने पर घराती और बराती में मारपीट होने लगी। शादी में हंगामा होने पर दूल्हा सहित बराती पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। कुछ देर बाद सुरेंद्र को होश आया तो वह अपने घर पहुंच गया। वहां का दृश्य देखकर दंग सुरेंद्र अपने कुछ रिश्तेदारों को लेकर दूल्हा इंद्रेश के घर पहुंचकर शादी करने की बात कहा लेकिन इंद्रेश पिटाई के डर से नहीं आया। घटना की सूचना मिलने पर रात करीब एक बजे डायल 100 की पुलिस इंद्रेश के घर पहुंची। उसे अपने साथ पूनम के घर लाई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न हुआ। शनिवार को पूनम विदा होकर अपने पति के घर चली गई। सीओ लालगंज एसपी तोमर ने बताया कि दोनों लोग आपस में सुलह कर शादी कर लिए। घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।