निजामाबाद। ब्लैक पॉटरी के बर्तन बनाने वाले कारीगरों ने अब ब्लैक पॉटरी की डिजाइनर ज्वेलरी बनाने का काम शुरू कर दिया है। मुंबई में आयोजित महालक्ष्मी सरस मेले में इन ब्लैक पॉटरी से बनाई गई ज्वेलरी खूब पसंद की जा रही है। लोगों में इसके बने कुंडल और कंगन के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
निजामाबाद के ब्लैक पॉटरी शिल्पकार शिवरतन प्रजापति ने मिनी पॉटरी में रिकार्ड बनाया है। इसके तहत एक सिक्के पर 40 मिट्टी के बर्तन और एक माचिस की तीली पर 20 मिट्टी के बर्तन बनाए। अब वो ब्लैक पॉटरी से डिजाइनर ज्वेलरी बना रहे हैं। उन्होंने इसे मुंबई के महालक्ष्मी सरस मेला 2019 में ब्लैक पाटरी के सामानों के साथ ही स्टॉल में शामिल किया। मेले में सबसे ज्यादा कान के कुंडल और कंगन बेचे गए। शिवरतन इससे काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि सिक्के और माचिस की तीली पर छोटे बर्तन बनाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज करने के लिए अप्लाई किया है। लेकिन घर बैठे बैठे मन में ख्याल आया कि महिलाओं के लिए ज्वेलरी भी बनाई जाए। मेले में करीब दो लाख रुपये के कंगन, कान के कुंडल, चाय-काफी के कुल्हड़, गिलास, दही की हांड़ी आदि की बिक्री हुई। ब्लैक पॉटरी के दो कंगन 800 रुपये में बिके जबकि बिना ब्लैक पाटरी के यह 400 रुपये में बिके।