ठेकमा (आजमगढ़)। बरदह पेट्रोल पंप एक होटल में रविवार की दोपहर पति को दूसरी महिला के साथ बैठे देख पत्नी हंगामा करने लगी। उसकी चीख पुकार सुनकर वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग नारेबाजी करते हुए होटल को तत्काल बंद करने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि इस होटल में आए दिन लोग दूसरी महिलाओं या युवतियों के साथ बैठे देखे जाते हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति रविवार की दोपहर घर से बाहर निकला और एक दूसरी महिला के साथ बरदह पंप के पास स्थित एक होटल में बैठकर बातचीत और भोजन कर रहा था। तभी किसी ने इसकी सूचना उक्त व्यक्ति के पत्नी को दे दी। थोड़े ही देर में पत्नी वहां पहुंच गई और पति को दूसरी महिला के साथ बैठा देखकर होटल के बाहर शोर मचाने लगी। उसकी चीख पुकार सुनकर भारी संख्या में लोग वहां जुट गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह होटल काफी विवादित है। लोग नारेबाजी करते हुए होटल बंद करने की मांग करने लगे। उधर हंगामा होने की सूचना मिलने पर बरदह थाने की पुलिस पहुंच गई और होटल मालिक सहित अन्य सभी को अपने साथ लेकर थाने चली गई। जहां पूछताछ के बाद सभी लोगों को छोड़ दिया गया।