आजमगढ़ (ब्यूरो)। जीयनपुर चौक पर ट्रक चालकों से रिश्वत वसूलने वाले दो सिपाहियों का वाडियो वायरल होने पर एसपी अजय साहनी ने उन्हें निलंबित कर दिया। साथ ही सीओ सगड़ी को इसकी जांच सौंपकर रिपोर्ट मांगी है। एसपी के इस कार्रवाई से अन्य रिश्वतखोर पुलिसवालों में हड़कंप मचा हुआ है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार निलंबित किए जाने वाले सिपाहियों में दीदारशंकर राय और बृजेश सिंह का नाम शामिल है। उन्होंने बताया कि यह दोनों सिपाही बीते दिनों जीयनपुर चौक पर रात को खड़े थे और उधर से गुजरने वाले ट्रक सहित अन्य वाहनों से 50 और 100 रुपये वसुल रहे थे। जिस समय यह दोनों सिपाही रिश्वत ले रहे थे। तभी किसी ने इस पूरे मामले की वीडियो बना लिया। उस वीडियो को सोशल साइट पर वायरल कर दिया गया। हालांकि यह नहीं स्पष्ट हो सका है कि यह मामला कब का है। लेकिन इतना जरुर दिख रहा कि सिपाही ट्रक चालक के रिश्वत ले रहे हैं। इसके अलावा जैसे ही यह सिपाही ट्रक चालक से रुपये लेकर अपनी जेब में रख रहे हैं। तभी ठीक ट्रक के पीछे सगड़ी तहसील क्षेत्र के पुलिस के किसी अधिकारी का भी वाहन गुजर रहा है। वीडियो सार्वजनिक होने पर इन दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम की जांच सीओ सगड़ी को सौंपते हुए उनसे रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में इस बात पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया गया है कि यह वसुली किसके इशारे पर की जा रही थी। इसकी रकम किस-किस को जाती थी। उधर जीयनपुर कोतवाली में तैनात सिपाहियों की मानें तो अधिकारी के निर्देश पर यह सिपाही काफी दिनों से वसुली कर रहे थे। दिन में इनकी ड्यूटी समाप्त हो जाने के बाद भी वे रात को चौक पर खड़ा होकर वाहनों से पैसे लेने के लिए पहुंच जाते थे।