अंबारी। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे में सोने की दुकान से करीब 14 ग्राम वजन के कान के झुमके चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की पहचान और चोरी हुए आभूषण बरामद कराने की मांग की है।
माहुल निवासी संजय कुमार सोनी ने माहुल चौकी में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 14 अगस्त की शाम करीब 4:58 बजे एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा। मौका पाकर वह करीब 14 ग्राम वजन के सोने के कान के झुमके लेकर भाग गया। दुकानदार के अनुसार, घटना के समय दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। इनमें एक पल्सर बाइक लेकर दुकान के बाहर खड़ा था, जबकि दूसरा दुकान के अंदर आया था। दुकानदार ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने और आभूषण बरामद कराने की मांग की है
अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।