आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के प्रमुख व सदर लोकसभा सीट से गठबंधन के प्रत्याशी अखिलेश यादव आज पूर्वाह्न 11.30 बजे नामांकन करेंगे। नामांकन के बाद बैठौली में उनकी जनसभा होगी। फिलहाल व्यस्तता के चलते रोड शो स्थगित कर दिया गया है। सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बुधवार को जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर इसकी घोषणा की।
बताया कि गुरुवार की सुबह दस बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से 11 बजे प्राइवेट हेलीकाप्टर से 11:20 बजे पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित हैलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद पुन: पुलिस लाइन हैलीपैड पहुंच कर 1 बजे बैठौली में आयोजित जनसभा स्थल पर बने हैलीपैड के लिए रवाना होगे। 1:15 से 3 बजे तक जनसभा करेंगे। वहीं से बाबतपुर वाराणसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। 3:45 पर वे वाराणसी एयरपोर्ट से लखनऊ रवाना हो जाएंगे। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल व महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी के शामिल होने की भी सूचना है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार को सपा मुखिया की व्यस्तता ज्यादा है, इसलिए रोड शो का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही रोड शो की नई तिथि और उसका पूरा कार्यक्रम भी घोषित कर दिया जायेगा। प्रेसवार्ता में रामआसरे विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी एसके सत्येन, हाजी अब्दुल मजीद आदि मौजूद रहे।