आजमगढ़। जनपद में राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग को लेकर आगामी चुनाव में मत बहिष्कार की आवाज फिर बुलंद की गई है। मेंहनगर क्षेत्र के युवाओं और बुद्धिजीवियों ने विधायक कल्पनाथ पासवान और तहसीलदार ओपी त्रिपाठी को रविवार को विश्वविद्यालय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मेंहनगर स्थित लखराव पोखरे मोड़ पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने विश्वविद्यालय की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन और नारेबाजी की। विधायक कल्पनाथ पासवान ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जनपद में विश्वविद्यालय की आवश्यकता पर बल देने की बात कही। ऊंचेगांव के पूर्व प्रधान आद्या प्रसाद सिंह और कल्पनाथ सिंह ने लोगों को संकल्प दिलाया कि जब तक विश्वविद्यालय मिल नहीं जाता, हम लोग वोट देने नहीं जाएंगे। संतोष मौर्या ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए लगातार उठ रही मांग को नजरअंदाज करने से जनपवासियों में बहुत आक्रोश है। छात्र नेता गंगा प्रसाद त्यागी ने युवाओं का आह्वान किया कि हमें कमर कसके खड़ा होना है। अमित सिंह, संतोष मौर्य, विजेंद्र चौहान, दिनेश मौर्य, रामप्रवेश चौहान, सम्पत राजभर, राजबहादुर सिंह, रामप्यारे यादव लेखपाल, संदीप कुमार, विद्या भारती, विक्की, खुशबू, निहारिका आदि उपस्थित रहे।