अहरौला। क्षेत्र के शाहपुर सारैन में आयोजित आठ दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। इस यात्रा में पांच सौ कुंवारी कन्याओं ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में लोगों द्वारा लगाए जा रहे जयकारे से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया।
संत श्री राधेश्याम बावन दास और ग्राम प्रधान विजय पाल यादव के नेतृत्व में इस कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा सात किलोमीटर लंबी रही। बैंड बाजा, विष्णु और लक्ष्मी की मूर्ति के साथ निकाली गई कलश यात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर शाहपुर बाजार, मेहियापार, हमीदपुर, रेड़हा, कोतवालीपुर, चांदनी चौक, भोगईचा, पकड़ी, मतलूबपुर से अहरौला के तमसा नदी हनुमानगढ़ी घाट पर पहुंची। जहां कलश पूजन के बाद कलश में जल भरा गया फिर पैदल ही लंबे काफिले के साथ कलश यात्रा बाईपास होते निकली और धीरे.धीरे देर शाम यज्ञ स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। यज्ञ में मथुरा से आए रासलीला मंडली और मथुरा से आए फलाहारी बाबा की अगुवाई में यह यज्ञ चलेगा। 28 जनवरी को विशाल भंडारे के साथ यज्ञ का समापन होगा। यात्रा में देवेंद्र यादव, पूनम, संगीता, रागिनी, गरिमा यादव, शशिकला यादव, सुनीता देवी, सुशीला, संजय यादव, मनोज यादव आदि शामिल थे। ब्यूरो
आज भी प्रसांगिक है स्वामी जी का जीवन दर्शन
आजमगढ़। नेहरु युवा केंद्र के तत्वावधान में शुक्रवार को राष्ट्रीय युवा सप्ताह के समापन समारोह का आयोजन कार्यालय परिसर में किया गया। इस दौरान स्वामी विवेका नंद के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अब्दुल खां ने कहा कि आज भी स्वामी जी का जीवन दर्शन प्रसांगिक है।
उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने अपनी प्रतिभा के बल पर सनातन धर्म का परचम पूरे विश्व में फैलाने का काम किया था। नेहरु युवा केंद्र के लेखाकार प्रमोद पाल ने कहा कि युवा मंडलों के सहयोग से नेहरु युवा केंद्र विभिन्न विकास खंडों में कार्यक्रम का आयोजन कर युवाओं के अंदर छुपी प्रतिभा को निखारने का काम करता है। उन्हें प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर उत्साहित करता है। इस मौके पर धर्मेद्र जायसवाल, विजय बहादुर, रमेश यादव, शिवाजी, अनुराग गुप्ता, हरेंद्र यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।