आजमगढ़। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 19 दिसंबर को सगड़ी तहसील के बेलकुंडा स्थित शिवमंदिर परिसर में सुबह दस बजे से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। इसमें विशषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों के स्वास्थ्य की जांच का दवाओं का वितरण करेगी।
ग्रामीण इलाकों में छोटे से छोटे बीमारी के इलाज के लिए लोगों को काफी दूर तक का सफर तय करना पड़ता है। कुछ ऐसा ही हाल है सगड़ी तहसील के बेलकुंडा गांव का। यह क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधा के मामले में काफी पिछड़ा हुआ है। यहां से 10 से 12 किमी की दूरी तय करने के बाद ही लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा उपलब्ध हो पाती है। अच्छे चिकित्सक के लिए लोगों को जीयनपुर, अजमतगढ़, हरैया आदि जगहों की दूरी तय करनी पड़ती है। लोगों की इस परेशानी को समझकर और अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अमर उजाला ने बेलकुंडा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करने का निर्णय लिया। शिविर में दो फिजीशियन, एक महिला रोग विशेषज्ञ, एक नेत्र सर्जन, एक नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। इनके द्वारा स्वास्थ्य शिविर में आने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया जाएगा। शिविर में उमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मरीजों में निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। शिविर के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डिप्टी सीएमओ डा. संजय कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों खासतौर से देवारा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने के लिए काफी दूर तक भटकना पड़ता है। ऐसे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर अमर उजाला ने एक सराहनीय कार्य किया है। हमारी क्षेत्र के लोगों से अपील है कि वह इस शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ लेते हुए इसे सफल बनाएं।