बूढ़नपुर। अहरौला थाना क्षेत्र के केदारपुर गांव में सीओ बूढनपुर और एसओ अहरौला द्वारा करवाए गए सुलह समझौते के बाद भी लोगों के घरों में पत्थर गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। लगातार घरों में पत्थर गिरने से तनाव बना हुआ है। गांव के लोग पत्थरबाजों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग के सभी आलाधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन पत्थर गिरने का क्रम अभी भी जारी है। ग्रामीण थाने पर शिकायत करते हैं तो उन्हें भगा दिया जाता है। ऐसे में ग्रामीण हताश हो चुके हैं कि अब वे कहां और किससे अपना दर्द सुनाएं।
अहरौला थाना क्षेत्र के केदारपुर गांव के कुछ राजनीतिक और मनबढ़ किस्म के लोगों की यह मंशा है कि गांव में फूटमत रहे और वह लोगों को मिलाकर उनकी जमीन आदि का बैनामा करवाते रहे। इसी योजना के तहत वह सितंबर माह में लोगों के घरों पर पत्थर फेंकने का सिलसिला शुरू किया। 25 सितंबर को जिस समय लोगों के घरों पर पत्थर फेंका जा रहा था। उसमें से एक पत्थरबाज को ग्राम प्रधान चंद्रकला चौबे ने देख लिया। 26 सितंबर को थाने में शिकायत होने पर थाना परिसर में दोनों पक्षों की पंचायत हुई। 10 अक्तूबर को एसपी ग्रामीण ने सीओ बूढ़नपुर को विवाद सुलझाने का निर्देश दिया। सीओ ने दोनों तरफ से सुलहनामा लिखवाया। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। बावजूद इसके पत्थर गिरने का सिलसिला नहीं रुका।