आजमगढ़। ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को जनपद में छापेमारी अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने लालगंज, नगर पालिका आजमगढ़, मुबारकपुर और गोपालपुर पट्टी से विभिन्न खाद्य पदार्थों के 13 नमूने संकलित किए। इनमें एक एनर्जी ड्रिंक, एक शीतल पेय, एक दूध, 3 मैंगो शेक, 3 आइसक्रीम, 2 आइसकैंडी घोल, एक नमकीन, एक बिस्किट और एक कुल्फी शामिल हैं। सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
टीम ने फल विक्रेताओं को साफ-सफाई के साथ भंडारण और विक्रय के प्रति जागरूक किया। शरबत और शीतल पेय विक्रेताओं को स्वच्छता और शुद्धता बनाए रखने की चेतावनी दी गई। सहायक आयुक्त (खाद्य), आजमगढ़, सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि गर्मी के मौसम में छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदने से पहले उसकी बेस्ट बिफोर और एक्सपायरी डेट जांच लें और रंगीन खाद्य पदार्थों से परहेज करें। छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी, कीर्ति आनंद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, बेबी सोनम, गोविंद यादव, सुचित प्रसाद और रजनीश कुमार शामिल रहे।