आजमगढ़। यात्रियों की पसंद को देखते हुए परिहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से यात्रियों का सुकून भरी यात्रा कराने के लिए 22 नये रूटों को चिह्नित किया गया है। इस पर क्षेत्रीय कार्यालय से संबंधित सात डिपो की ओर से 72 कम सीट वाली एसी बसों को अनुबंधित कर चलाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद बसों को अनुबंधित कर इन रूटों पर संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद सरकार की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए नये प्रस्ताव परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों से मांगे गए थे। शासन से निर्देश मिलने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय ने इस दिशा में सर्वे का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान पाया गया कि गर्मी के मौसम के देखते हुए यात्री एसी बसों का यात्रा को पसंद कर रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय कार्यालय से संबंधित सात डिपो की ओर से 22 नये रूटों पर अनुबंधित वातानुकूलित बसें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन रूटों पर 100 से 355 किमी लंबे इस रूटों पर 72 वातानुकूलित बसों को अनुबंधित करने का प्रस्ताव है। इसमें आजमगढ़ डिपो की ओर से वाराणसी, गोरखपुर, इलाहाबाद, सुल्तानपुर-लखनऊ और बलिया मार्ग पर 24 बसों को अनुबंधित करने का प्रस्ताव है। डॉ. अंबेडकर डिपो की ओर से वाराणसी, गोरखपुर, इलाहाबाद, बलिया, फैजाबाद-लखनऊ, फैजाबाद मार्ग पर 26 बसों को अनुबंधित करने की बात कही गई है। बलिया डिपो की ओर से सिकंदरपुर-पडरौना और देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर चार बसों को अनुबंधित किया जाएगा। मऊ डिपो की ओर से इलाहाबाद, गोरखपुर और देवरिया मार्ग पर तीन बसें अनुबंधित कर चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। दोहरीघाट डिपो की ओर से फैजाबाद-लखनऊ, गोरखपुर-बड़हलगंज-इलाहाबाद, गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर सात बसों को अनुबंधित किया जाएगा। शाहगंज डिपो की ओर से अजमगढ़-सुल्तानपुर-लखनऊ और शाहगंज-बलिया मार्ग पर चार बसें और बेल्थरा रोड डिपो की ओर से गोरखपुर के लिए चार बसों को अनुबंधित करने का प्रस्ताव बनाया गया है। क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्ताव में बताया गया है कि नये बसों के संचालन से पुरानी बसों के आय पर कोई कुप्रभाव नहीं पड़ेगा, बल्कि रोडवेज की आय में बढोत्तरी होगी। अधिकारियों की मानें तो बोर्ड का बैठक में प्रस्ताव के हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही इस बारे में दिशा-निर्देश मिलने के बाद बसों को अनुबंधित करने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
0000
शासन के निर्देश के बाद 22 रूटों पर 72 कम सीट वाली एसी बसों को अनुबंधित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। गर्मी के दिनों में यात्री एसी बसों की यात्रा को पसंद कर रहे हैं। शासन की मंजूरी मिलने के बाद बसों को अनुबंधित कर चलाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
धमेंद्र नाथ यादव, आरएम