आजमगढ़। जिला अस्पताल की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को आजमगढ़ विकास संघर्ष समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की। आविसंस के सदस्य हरिकेश यादव ने कहाकि 55 लाख की आबादी वाले इस जनपद में रेडियोलाजिस्ट का पद पिछले एक माह से खाली है। इसके अलावा अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन भी नहीं है। इसके कारण मरीजों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन हजारों मरीज अपना इलाज व जांच कराने के लिए आते हैं, लेकिन जिला चिकित्सालय की व्यवस्था बेहद लचर होने के कारण लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वरिष्ठ परामर्शदाता रेडियोलाजिस्ट के पद पर तैनात डा. राजेन्द्र कुमार ठाकुर का जून माह में स्थानांतरण गोरखपुर के लिए कर दिया गया। एक माह बीत जाने के बाद भी यहां अभी तक किसी रेडियोलाजिस्ट की तैनाती नहीं की गई। मरीजों को सोनोग्राफी और सीटी स्कैन की चिकित्सकीय रिपोर्ट नहीं मिल रही है। जांच केंन्द्र में तैनात कर्मचारियों द्वारा सोनोग्राफी और सीटी स्कैन की सीट देकर उनसे धनउगाही करने का मामला सामने आ रहा है। इजिसकी जांच अत्यंत आवश्यक है। लंबे समय से एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं मिल रहा है। आस-पास के मेडिकलों से ऊंचे दामों पर कुत्ता काटने की सुई खरीदने को मजबूर हैं। ज्ञापन सौपने वालों में दीपक यादव, जितेन्द्र यादव, मुकेश यादव, रमेश निषाद, विनोद मौर्य, रामसिंगार, अभिषेक कुमार, प्रदीप राय, जगदीश यादव, प्रधान प्रवेश यादव, कमलेश कुमार सहित आदि मौजूद रहे।