लाटघाट। सगड़ी तहसील क्षेत्र के लाटघाट बाजार से क्षेत्र के लगभग 15 किमी एरिया के हजारों लोगों का प्रतिदिन जनपद और गैर जनपदों में आवागमन होता है। बाजार में सभी सरकारी बसों के न रूकने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भाजपा नेताओं ने लोगों ने बाजार में बस स्टेशन की स्थापना कराने का वादा किया था लेकिन उनके वादा पूरा न करने से लोगों में रोष व्याप्त है।
लाटघाट क्षेत्र के 15 किमी एरिया से लोग मुख्यालय और अन्य जनपदों में जाने के लिए बाजार में आते हैं। लेकिन बस स्टेशन ना होने से लोग घंटों परेशान रहते हैं। बाजार में बस स्टॉप तो है पर सभी गाडिय़ां रुकती नहीं हैं। जिससे प्राइवेट वाहन चालकों द्वारा यात्रियों से अधिक किराया लेकर उनका दोहन किया जाता है। सगड़ी तहसील के लाटघाट बाजार से सुबह चार बजे से ही आजमगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, इलाहाबाद, जौनपुर, वाराणसी आदि जगहों पर जाने के लिए यात्रियों की लंबी कतार लग जाती है। बस के इंतजार में लोग बाजार में दौड़ते रहते हैं। लाटघाट से नौ किमी दक्षिण जीयनपुर और लाटघाट से 14 किमी उत्तर दोहरीघाट बस स्टैंड है। जबकि लाटघाट से पूरब अमिला और लाटघाट से पश्चिम रौनापार हैदराबाद तक एक भी बस स्टॉप नहीं है। रौनापार, हैदराबाद, जीयनपुर, दोहरीघाट के लोग लाटघाट अपने निजी साधन से ही आ जाते हैं और साधन का इंतजार करते हैं। लोगों ने लाटघाट ने बस स्टेशन की मांग की है। जिससे यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके। कई बार बस स्टेशन बनाने की मांग उठी पर इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। चुनाव के दौरान नेतागण लाटघाट को बस स्टेशन बनाने का दावा करते हैं। पर अभी तक बस स्टेशन नहीं बनाया जा सका। चुनाव बीत जाने के बाद लोग भूल जाते हैं कि लाटघाट भी बस स्टेशन बनाने का वादा किया गया था। सपा, बसपा और भाजपा के नेताओं द्वारा कई बार ऐलान किया गया। लाटघाट को बस स्टेशन बनाया जाएगा। लेकिन अभी तक इस पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। क्षेत्र के शिवबालक यादव एडवोकेट, अनिल राय शिक्षक, नारायण यादव, नरेंद्र राय, आशीष राय सोनू, धनंजय राय, उपेंद्र कुमार राय, रामशरण शर्मा, दिनेश कुमार पांडे, विनय कुमार, आनंद वर्नवाल, मिंटू राय, रामबचन यादव, अनिल मद्धेशिया आदि लोगों ने लाटघाट में बस स्टेशन बनाए जाने की मांग की है।