आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर चलाये जा रहे कमल जनसंदेश पदयात्रा का समापन शनिवार को हो गया। पदयात्रा कार्यक्रम के अंतिम दिन भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पार्टी के नेताओं ने लोगों को सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी।
सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पदयात्रा के समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह मौजूद रहे। इस दौरान सेहदा प्राथमिक विद्यालय के निकट चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। दयाशंकर सिंह ने कहा कि जब से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। तब से गरीबों का उत्थान और देश का विकास हो रहा है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्रों तक तेजी से पहुंच रहा है। गरीब, असहाय परिवारों के उत्थान और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार कटिबद्ध है। सरकार की उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, गरीब, किसान, मजदूर दुर्घटना बीमा आदि योजनाओं का लाभ दे रही है। अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार पदयात्रा समापन के अवसर पर जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि कमल जनसंदेश पदयात्रा बेहद ऐतिहासिक रही। इस यात्रा में कार्यकर्ताओं ने पूरे मेहनत से उतरकर लोगों को सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया।
सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में मारकंडेय राय के नेतृत्व में बाबा रामदास की कुटी बाजार गोसाई से पदयात्रा निकालकर इसका समापन हुआ। गोपालपुर विधानसभा में मंत्री त्रयंबक नाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में परशुरामपुर बाजार से, मुबारकपुर विधानसभा में राजू मिश्रा के नेतृत्व में कमल जनसंदेश पदयात्रा निकाली गई। मेजवां प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर पवई विधानसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय, दीदारगंज विधानसभा के सिकरौर बाजार में मुन्ना दुबे, निजामाबाद के सरायमीर बाजार में आदित्य नारायण राय और लालगंज तहसील मुख्यालय से घनश्याम पटेल की अगुवाई में कमल जनसंदेश पदयात्रा निकालकर लोगों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार विधानसभा क्षेत्र के खरिहानी बाजार में कमल जनसंदेश पदयात्रा का समापन शनिवार को किया गया। जिसके मुख्य अतिथि गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय रहे।उन्होंने लोगों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।