फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर की सुधरी, ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी ठप है बिजली

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। जिले में शुक्रवार को आयी आंधी के बाद से प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था दो दिन बाद भी पूरी तरह से दुरूस्त नहीं हो सकी है। शहर क्षेत्र में तो बिजली व्यवस्था पटरी पर आ गई है, लेकिन ग्रामीणांचल की स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है। निजीकरण के चलते बिजली कर्मियों द्वारा दस से पांच ही काम किये जाने से भी व्यवस्था में तेजी से सुधार नहीं हो रहा है।
विज्ञापन

शहर क्षेत्र के लगभग सभी फीडरो से बिजली विभाग ने सप्लाई चालू करा दी है। आंधी के चलते शहर क्षेत्र में हुए सभी फाल्ट को दुरूस्त कर दिया गया है। शनिवार की देर शाम से ही शहर में पूर्व की भांति बिजली व्यवस्था बहाल हो गई। ग्रामीण क्षेत्र में अभी 20 से 25 प्रतिशत ही सुधार हो सका है। सगड़ी संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में आंधी के चलते क्षेत्र के दो सौ ग्रामों की ठप हुई बिजली व्यवस्था अब तक पटरी पर नहीं आ सकी है। आंधी के चलते मऊ के गोठा से आने वाली मेन लाइन में ही फाल्ट है,जिसे ठीक करने की कवायद अभी चल रही है। इसके चलते मालटारी और मऊ कुतुबपुर सब स्टेशन से जुड़े गांव अंधेरे में है। बिंद्रा बाजार संवाददाता के अनुसार विद्युत उपकेंद्र मुहम्मदपुर से बिजली सप्लाई आंधी के बाद से बाधित रही। मदारपुर में आंधी के चलते दो पोल और ट्रांसफार्मर गिर गये थे। रविवार को सब स्टेशन से जुड़े कुछ क्षेत्रों में सप्लाई चालू कर दी गई है लेकिन मदारपुर, नगरिया की बिजली व्यवस्था को विभाग रविवार की शाम तक बहाल नहीं कर सका था। फरिहां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में शुक्रवार की शाम आयी आंधी के बाद से ठप हुई बिजली व्यवस्था रविवार की देर शाम तक दुरूस्त नहीं हो सकी। कुछ क्षेत्रों में विभाग ने किसी तरह लाइन चालू भी किया तो वह भी बार-बार ट्रिप हो जा रही है। गेहूं की मड़ाई का काम बूरी तरह से प्रभावित हो गया है। मेजवां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के आंधी के बाद से चौपट हुई बिजली व्यवस्था अभी तक दुरूस्त नहीं हो सकी है। आंधी से हुए फाल्ट तो ठीक कर लिये गए है लेकिन सप्लाई काफी कम मिल रही है। अघोषित कटौती के चलते लोग परेशान है।

मेंहनगर। विद्युत सब स्टेशन मेंहनगर पर पांच फीडरों के माध्यम से बिजली की सप्लाई होती है। शुक्रवार की शाम आई आधी के बाद से पूरे सब स्टेशन की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। 48 घंटे बाद भी बिजली विभाग सभी फीडरों की लाइन चालू करने में सफल नहीं हो सका। रविवार की शाम तक तीन फीडरों से ही बिजली की सफाई शुरू करायी जा सकी। विभागीय लोगों का कहना है कि आंधी के चलते कई स्थापनों पर पोल और तार गिर गए है, जिसे ठीक करने की कवायद चल रही है। जैसे-जैसे फाल्ट ठीक हो रहा है, वैसे-वैसे लाइन चालू की जा रही है।
विज्ञापन


प्रभावित हो रही है खेती किसानी
सगड़ी। 48 घंटे से अधिक समय से लाइट न रहने से सर्वाधिक प्रभावित खेती किसानी का कार्य हुआ है। इन दिनों गेहूं की मड़ाई का समय चल रहा है। ऐसे में लाइट न होने गेहूं की फसल काट कर किसान मड़ाई के लिए रखे हुए है। बिजली आ जाती तो गेहूं की मड़ाई का कार्य पूरा हो जाता। इसके अलावा बिजली न होने से कई क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति की व्यवस्था भी ठप है और लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था के लिए इधर-उधर दौडना पड़ रहा है।

30 घंटे के बाद बहाल हुई बिजली व्यवस्था
अहरौला। आंधी के चलते शुक्रवार की शाम से क्षेत्र में ठप हुई बिजली व्यवस्था तीस घंटे के बाद रविवार की सुबह बहाल हो गई। तीस घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से मड़ाई का काम पूरी तरह से प्रभावित रहा। रविवार की सुबह बिजली व्यवस्था बहाल होने पर किसानों ने राहत की सांस ली है और मड़ाई का काम तेजी से शुरू हो गया है।

आंधी के चलते शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली लाइनों को काफी नुकसान पहुंचा है। जिसे ठीक करने की कवायद में कर्मचारी जुटे हुए है। निजीकरण के विरोध में कर्मचारी मात्र दस से पांच ही काम कर रहे है, जिसके चलते फाल्ट ठीक दुरूस्त करने में भी देरी हो रही है। अभी पूरी तरह से व्यवस्था सुधरने में एक-दो दिन लग सकते है। शहर की व्यवस्था पूरी तरह से बहाल कर दी गई है।
चंद्रेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता, वितरण खंड प्रथम, आजमगढ़।


ट्रांसफार्मर में खराबी से चार दिनों से ठप है बिजली व्यवस्था
अंबारी। 33/11 विद्युत सब स्टेशन पुष्पनगर पर लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में आयी खराबी के चलते क्षेत्र की लाईट चार दिनों से ठप पड़ी हुई है। विभाग की टेक्निकल टीम खराबी करने में जुटी हुई है लेकिन रविवार की शाम तक खराबी दूर नहीं की जा सकी थी। रविवार को बिजली व्यवस्था बहाल किये जाने की मांग को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
सब स्टेशन में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी के चलते सब स्टेशन पुष्पनगर से जुड़े ग्रामीणों में चार दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। ट्रांसफार्मर में आयी खराबी को दूर करने में विभाग की टेक्निकल टीम में अब तक सफल नहीं हो सकी है। रविवार को ग्रामीण सबस्टेशन पर जुटे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणां ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम भी कर दिया। जाम की सूचना पर थाना प्रभारी दीदारगंज मंजय सिंह मय दलबल मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराते हुए जाम समाप्त करवाया। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिनों से फाल्ट ठीक नहीं हो सका है। यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो वे पुन: सड़क जाम कर प्रदर्शन को मजबूर होंगे। बिजली न होने से सारा काम ही ठप हो गया है। खेती किसानी तो प्रभावित है ही वहीं पानी की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों ने पांच एमवीए के स्थान पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाये जाने की मांग की है। वहीं जेई गुंजन यादव का कहना है कि ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर में फाल्ट आया है। जल्द ही फाल्ट दूर करा कर बिजली व्यवस्था बहाल करा दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें