आजमगढ़। मंदुरी हवाईपट्टी को एयरपोर्ट में बदलने के लिए एयरो सर्वे प्रावि लिमिटेड की छह सदस्यीय टीम 20 किमी एरिया की सर्किल में सर्वे कर उड़ान और लैंडिग में पेश आने वाली संभावित बाधाओं को चिह्नित करने में जुट गई है। सर्वे के बाद टीम की रिपोर्ट पर बाधाओं को दूर किया जाएगा।
रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत दूसरे चरण में चयनित मंदुरी हवाई पट्टी का विशेष सचिव एवं निदेशक सिविल एसोसिएशन एसपी गंगवार के अलावा एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारी भी कई बार निरीक्षण कर आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के निर्देश दे चुके हैं। रनवे की चौड़ाई बढ़ाने, अधूरी बाउंड्री को पूरा करने और जनपद से छोटे विमानों के माध्यम से उड़ान शुरू करने के लिए अन्य बदलाव के लिए 19.65 करोड़ के प्रस्ताव के अलावा अधूरी बाउंड्री को पूरा करने के लिए .707 हेक्टेयर जमीन खरीदने के लिए 1.34 करोड़ का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है।
मैनेजर सौरभ सिंह, सीनियर सर्वेयर उत्तम मंडल, सीनियर सर्वेयर अल मोमुन, अमित कुमार, आकाश शर्मा, बीके श्रीवास्तव की टीम द्वारा ऊंची इमारत, पेड़ और टावरों आदि को चिह्नित किया जा रहा है। सीनियर मेंबर बीके श्रीवास्तव ने बताया कि टीम पांच अप्रैल तक जनपद में रहेगी और क्षेत्र का सर्वे करेगी।
0000000000
25 मार्च को ही छह सदस्यीय टीम हवाई पट्टी के सर्वे के लिए आ गई थी। टीम पांच अप्रैल तक सर्वे करेगी। स्थानीय अधिकारियों की ओर से टीम का आवश्यक सहयोग किया जा रहा है। उम्मीद है कि जनपद से जल्द उड़ान शुरू होगी।
लवकुश त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन