आजमगढ़। ब्लाक मुख्यालयों को अब मुख्य मार्ग से दो लेन सड़क के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसकी कवायद शुरू हो चुकी है। कार्ययोजना को शासन ने स्वीकृति प्रदान करते हुए इस कार्य को कराने के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त भी जारी कर दिया है। पहले चरण में जिले के अजमतगढ़, हरैया, बिलरियागंज व महराजगंज ब्लाकों को जोड़े जाने की योजना है। ग्रामीण क्षेत्र में ब्लाक मुख्यालयों का महत्वपूर्ण स्थान होता है। यहां पर ग्रामीण अपने हर काम के लिए आता है। ऐसे में ब्लाक मुख्यालयों तक पहुंच मार्ग की दशा ठीक न होने पर ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। मुख्य मार्गो से ब्लाक मुख्यालयों तक जाने वाले मार्गो की दशा सुधारने की कवायद शासन ने शुरू की है। पहले चरण में प्रदेश के 30 ब्लाकों को चिन्हित कर उनके संपर्क मार्गों को दो लेन में तब्दील किए जाने की योजना है। इसमें जिले के चार ब्लाक अजमतगढ़, हरैया, बिलरियागंज व महराजगंज शामिल है। वर्तमान में इन सभी ब्लाकों के संपर्क मार्गो की स्थिति अत्यंत ही जर्जर है। जिससे ग्रामीणों को ब्लाक मुख्यालयों पर पहुंचने में काफी दिक्कत उठानी पड़ती है। मुख्य मार्ग से ब्लाक मुख्यालय तक दो लेन की सड़क बन जाने पर लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। ब्लाकों पर ग्रामीण परिवेश के काफी कार्य होते है। राशन कार्ड से लेकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तक के लिए ग्रामीणों को ब्लाक मुख्यालय पर ही आना पड़ता है। गड्ढे युक्त सड़कों पर जान जोखिम में डाल कर ग्रामीण व ब्लाकों के कर्मचारी आते जाते है। विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन योगेश्वर राम मिश्र ने प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश को भेजे पत्र में बताया कि जिले के चारों ब्लाकों के लिए कुल 48.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही प्रथम किस्त के रुप में 13.16 करोड़ रुपये भी आवंटित कर दिए गए है।
इन सड़कों का होगा कायाकल्प
आजमगढ़। शासन द्वारा स्वीकृत की गई कार्ययोजना के अनुरूप जिन सड़कों का कायाकल्प होना है, उसमें जीयनपुर कस्बा से अजमतगढ़ ब्लाक मुख्यालय मार्ग के लिए 5.05 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है, प्रथम किस्त के रूप में 1.36 करोड़ रुपये आवंटित हुए है। इसी क्रम में हरैया ब्लाक के रजादेपुर-हरैया-भीमवर मार्ग का निर्माण 13.11 करोड़ रुपये से होगा, इसके लिए 3.54 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया गया है। बिलरियागंज ब्लाक मुख्यालय को आजमगढ़ जिला मुख्यालय से जोडने वाली सड़क के लिए 14.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति हुई है, जिसमें 4.01 करोड़ रुपये उपलब्ध करा दिए गए है। वहीं महराजगंज ब्लाक के लिए कप्तानगंज-महराजगंज-राजेसुल्तानपुर मार्ग का चौड़ीकरण 15.74 करोड़ से होगा। इस सड़क के लिए पहली किस्त के रुप में 4.25 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए गए है।
प्रथम चरण में सगड़ी तहसील क्षेत्र के ब्लाक है शामिल
आजमगढ़। ब्लाक मुख्यालयों को दो लेन सड़क मार्ग से जोड़ने के शासन की योजना में प्रथम चरण में जो ब्लाक चयनित किए गए है वह सभी सडग़ी तहसील क्षेत्र के है। अजमतगढ़, महराजगंज, बिलरियागंज व हरैया ब्लाक सगड़ी तहसील अंतर्गत आते है। शासन की योजना के प्रथम चरण में सिर्फ सगड़ी तहसील क्षेत्र को मौका दिया गया है।
शासन ने कार्ययोजना को स्वीकृत प्रदान करते हुए प्रथम किस्त की धनराशि भी उपलब्ध करा दी है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू करा कर टेंडर करा लिया जाएगा और उसके तत्काल बाद इन सड़कों के निर्माण का काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
आरके सोनवानी, एक्सईएन, पीडब्लूडी, आजमगढ़।