मेजवां (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र के चमांवा गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर एक माह से जला है। गांव के लोग इसे बदलवाने के लिए विभाग का चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है । एक माह से बिजली न रहने से लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल हैं।
चमावां गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर एक माह से जला है। जिसके कारण गांव स्थित एक हजार घरों में बिजली नहीं है। बिजली न रहने से ये लोग उमस भरी गर्म से बेहाल हैं। इसके अलावा लोग पानी एंव अन्य समस्याओं से जूझ रहे है। ट्रांसफार्मर को बदलने की शिकायत लोगों ने दर्ज कराई थी। लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर को बदला नहीं गया। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त ट्रांसफार्मर बार-बार ओवरलोड के कारण जल जा रहा है। कई बार इसकी क्षमता बढ़ाने के लिए कहा गया पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एलान था कि जले ट्रांसफार्मर 48 घंटे में बदल दिए जाएंगे। विभाग को इस बात की भी चिंता नहीं है। इससे लोगों का गुस्सा चरम पर है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।