आजमगढ़। बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के तहत जनपद के 20 गांवों को स्ट्रीट सोलर लाइट से रोशन किया जाएगा। चिह्नित प्रत्येक गांवों में प्रकाश व्यवस्था के लिए दस-दस सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएगी।
ग्रीन एनर्जी देने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। लोग सोलर एनर्जी की तरफ रुचि भी दिखा रहे हैं। जिले में दस विधानसभा क्षेत्र हैं। बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना 2025-26 का शासन से लक्ष्य आ गया है। योजना के तहत विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों में 200 सोलर लाइन लगाई जाएगी।
स्थानीय स्तर पर नेडा विभाग सांसद, विधायक, एमएलसी और बीडीओ को पत्र भेजकर जल्द ही गांवों का प्रस्ताव मंगवाएगा। यह लाइटें सार्वजनिक स्थलों पर लगाई जाएंगी। जिससे पथ प्रकाश व्यवस्था ठीक रहे। इसके पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत ग्रामीण बाजारों में 139 लाइट लगाने का भी लक्ष्य आ चुका है। बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना में सोलर लाइट लगाने के लिए जनप्रतिनिधि जिन गांवों का प्रस्ताव देंगे। विभाग उस गांव में सोलर लाइट लगाने के लिए सार्वजनिक स्थानों का सत्यापन करेगा।