उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा है कि छह दिसंबर 1992 का पाप धोने में भाजपा खत्म हो गई। अब भाजपा के प्रदेश प्रभारी अमित शाह अयोध्या जाकर राम का राग अलाप रहे हैं।
इस बार राम जी ऐसी पटखनी देंगे कि भाजपा कहीं की नहीं रहेगी। राम जी भाजपाई से कहेंगे तुम मेरे मंदिर को मंदिर नहीं मान रहे तो तुम्हारी सरकार कैसे बनवा दूं।
आजम खां शनिवार को अमित शाह के अयोध्या में मंदिर राग अलापने के मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि फासिस्टों ने बाबरी मस्जिद गिराकर वहां मंदिर ही तो बनाई थी। अब वो उस मंदिर को मंदिर मानने से इंकार कर रहे हैं।
यूपी में अमित शाह के आने पर रोक लगाए जाने संबंधी कांग्रेस की मांग पर आजम ने कहा कि अगर वर्ष 1992 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने असामाजिक तत्वों को अयोध्या में आने से रोका होता तो मुल्क की आज ऐसी शक्ल नहीं होती।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में आतंकवाद की बुनियाद कांग्रेस ने डाली और भाजपा ने उस पर इमारत खड़ी की। देश की बर्बादी के लिए कांग्रेस भी कम जिम्मेदार नहीं हैं।