जनता के काम से मुंह चुरा रहे अफसरों को लेकर बुधवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का गुस्सा फिर फूटा। इस बार नगर विकास मंत्री मो. आजम खां ने भी उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि अफसरों को यह भ्रम हो गया है कि सरकार वे चला रहे हैं।
दोनों नेताओं ने ऐसे अफसरों के रवैये पर काबू पाने के लिए सख्ती अपनाने की बात कही। आजम ने तो यहां तक कह दिया कि प्रदेश के ऐसे अधिकारी डंडे के आदी हो चुके हैं। चाबुक चलती है तो काम करते हैं। उन्होंने भ्रष्ट व मनमानी कर रहे अफसरों पर शिकंजा कसने के लिए कार्यकर्ताओं को स्टिंग ऑपरेशन करने का सुझाव दिया।
पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुलायम व आजम ने कहा कि प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में ओवरहॉलिंग जरूरी है। लेकिन कार्यकर्ता किसी अधिकारी का तबादला रुकवाने या अच्छी पोस्टिंग दिलाने के चक्कर में न पड़ें। चेतावनी दी कि जो अधिकारी सुधर नहीं रहे हैं और पुरानी सरकार के ढर्रे पर काम कर रहे हैं उन्हें सिखाना होगा।
मुलायम ने कहा कि बसपा सरकार की संस्कृति के प्रदूषण से बहुत से अफ सर बेलगाम हो गए हैं। इनकी ओवरहॉलिंग होगी तभी ये जनता और कार्यकर्ताओं की सुनेंगे। उन्होंने कहा कि बड़े अफसरों के दोषी पाए जाने पर सीएम उनके खिलाफ कार्रवाई करें।