अयोध्या। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का प्रयोग सकारात्मक और सार्थक रूप में किया जाना चाहिए। किसी कंटेंट को प्रसारित करने वाला कौन है, उसकी विश्वसनीयता क्या है, इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। एमएलसी पाठक शनिवार को वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र प्रसाद पांडेय की 11वीं पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब में वर्तमान परिवेश में सोशल मीडिया की भूमिका विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बोल रहे थे।
वरिष्ठ पत्रकार शीतल पी सिंह ने कहा कि आम आदमी को सूचना के माध्यम से ताकतवर बनाना ही पत्रकारिता का उद्देश्य होना चाहिए। सरकार जो छुपाना चाहती है और जनता जो जानना चाहती है, वही बताना पत्रकारिता का धर्म है। वरिष्ठ पत्रकार राजीव ओझा ने कहा कि सोशल मीडिया पर ''नेरेटिव'' सेट कर उसे फैलाने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। हम सभी को जागरूक होकर इसका उपयोग करना चाहिए।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि संघर्ष के समय भी अपने विचारों पर अडिग रहना प्रभावशाली व्यक्तित्व की पहचान है। पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि ईमानदार होना सामान्य है पर आवश्यकताओं के बाद भी ईमानदार होना अद्भुत व्यक्तित्व है। कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद पांडेय ने किया। संगोष्ठी को जिला सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र व शिवम पांडेय ने भी संबोधित किया।