अयोध्या। मलयेशिया से आए 25 श्रद्धालुओं के दल में शामिल दो लोग बृहस्पतिवार को राम मंदिर में दर्शन के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। गर्मी के चलते चक्कर आने पर दोनों को तत्काल मंदिर परिसर स्थित यात्री सेवा केंद्र के अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया। करीब एक घंटे के उपचार के बाद हालत सामान्य हो गई। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों की मदद से दोनों को उनके होटल पहुंचाया गया।
मलयेशिया से आया श्रद्धालुओं का दल बृहस्पतिवार दोपहर वीआईपी दर्शन मार्ग से रामलला के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान कादिर (54) और शीलन (45) को अचानक चक्कर आया और दोनों बेहोश हो गए। परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उन्हें संभाला और अपोलो अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद दोनों की हालत सामान्य बताई।
उधर, दर्शन के बाद बाहर निकले दल के अन्य सदस्यों को दोनों साथी नहीं मिले। अस्पताल में पूछताछ करने पर उन्हें श्रीराम अस्पताल ले जाने की जानकारी मिली। वहां पहुंचने पर दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे साथी श्रद्धालु परेशान हो गए। कादिर के नेत्रहीन होने के कारण उनकी चिंता और बढ़ गई।
तत्काल सहायता मिलने पर जताया आभार
दल के सदस्य दोबारा यात्री सेवा केंद्र पहुंचे और मदद मांगी। वहां पता चला कि दोनों का राम मंदिर परिसर स्थित अपोलो अस्पताल में उपचार किया गया था। हालत सामान्य होने पर मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों की मदद से उन्हें होटल पहुंचा दिया गया था। यह जानकारी मिलने पर दल के सदस्यों ने राहत की सांस ली। श्रद्धालुओं ने कर्मचारियों की मदद की सराहना की।