अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के मानूडीह गांव में 19 दिन पहले पूर्व हुए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने शुक्रवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद पुलिस ने जानलेवा हमले का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया था।
गांव निवासी देव प्रसाद की ओर से दर्ज कराए गए केस के अनुसार 20 जनवरी को दिन में 11:00 बजे झटका मशीन का तार टूट जाने व उसको हटाने की बात को लेकर गांव के शुभम, उनकी मां रामलली, भाई कपिल व कमलनयन ने मिलकर उनको पीटा था। उनकी पत्नी जनकलली और बेटी गुंजन बचाने आईं तो उन्हें भी लोहे की राॅड से मारा पीटा। भाभी मायावती (50) को शुभम ने लोहे की रॉड से मारा जिससे वह बेहोश हो गईं। उन्हें जिला चिकित्सालय से लखनऊ रेफर किया गया था। परिवार के लोग एक निजी अस्पताल में उनका इलाज करा रहे थे। शुक्रवार भोर में करीब 3:00 बजे इलाज के दौरान अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने देव प्रसाद की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर चालान कर किया था। प्रभारी थानाध्यक्ष खंडासा संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जानलेवा हमले के दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाकर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।