बीकापुर। हैदरगंज थाना क्षेत्र के विसुही नदी के समीप रसूलपुर और माझा सोनोरा बॉर्डर के पास झाड़ और सरपत के बीच में बृहस्पतिवार सुबह गोवंश का अवशेष मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। बगल में रक्त रंजित रस्सी भी पड़ी हुई थी। इसके अलावा कुछ दूर पर नमकीन के खाली पैकेट और शराब की खाली शीशी भी पड़ी थी। पशुओं को चराने गए कुछ ग्रामीणों ने मृत पशु के अवशेष देखकर गांव में सूचना दिया।
मौके पर जिला पंचायत सदस्य सुनील राजपूत, प्रधान अनिल सिंह, सुभाष वर्मा, सरवन शर्मा, श्री राम सेना के विनोद सिंह, रामलीला समिति के अध्यक्ष मनीष सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस भी पहुंची और तहसील प्रशासन को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे नायाब तहसीलदार रामखेलावन ने पशुचिकित्सक को बुलवाकर जांच के लिए सैंपल कलेक्ट करवाया। नायब तहसीलदार रामखेलावन ने बताया कि गोवंश के अवशेष बरामद हुए हैं। फोरेंसिक जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।