अयोध्या। 33वीं जूनियर नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार सातवीं बार खिताब अपने नाम किया। आगरा में 18 से 21 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम ने ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी जीती। प्रतियोगिता में अयोध्या की 12 खिलाड़ियों सहित प्रदेश की टीम ने दमदार खेल दिखाया। नेहा वर्मा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और शालिनी सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
लीग मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में राजस्थान को 62 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में राजस्थान की टीम 42 रन पर ऑलआउट हो गई। सेमीफाइनल में पुडुचेरी को 40 रनों पर रोकते हुए लक्ष्य को 5 ओवर 3 गेंद में हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 75 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में महाराष्ट्र की टीम 55 रन ही बना सकी। नेहा (20), शालिनी (25) और शालू (10) के योगदान के साथ गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से प्रदेश ने लगातार सातवीं बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया।टीम में नेहा वर्मा, शालिनी सिंह, नंदिनी, शालू, राशिका, दीपिका, शंभावि, रिद्धि, सृष्टि, रिया, मांसि चंदानी, सृष्टि, रिया (सभी अयोध्या), हेजल चावला (झांसी), साक्षी (गोरखपुर), लक्ष्मी (लखनऊ), शेल्वी (अयोध्या) शामिल हैं। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के सचिव इमरान अहमद लारी, उपाध्यक्ष तौसीफ अहमद लारी, संयुक्त सचिव एवं कोच रामेंद्र सिंह सहित शिक्षा व खेल जगत से जुड़े अधिकारियों और खेल संगठनों ने टीम को बधाई दी।