अयोध्या। क्रीड़ा भारती की ओर से 11 से 13 अप्रैल को रामनगरी में अयोध्या खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 11 व 12 अप्रैल को भजन संध्या स्थल में आयोजित कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के साथ किया जाएगा। इसके बाद 13 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर रन फॉर राम मैराथन से कार्यक्रम का समापन होगा।
महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य इं. अवनीश कुमार सिंह ने रन फॉर राम मैराथन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 11 अप्रैल से दो दिवसीय अयोध्या खेल महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसमें भजन संध्या स्थल पर कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल की जिला स्तर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 13 अप्रैल को रामकथा पार्क से सुबह 4 बजे रन फॉर राम मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
क्रीड़ा भारती अवध प्रांत के उपाध्यक्ष डाॅ. अवधेश वर्मा ने कहा कि दौड़ में पंजीकरण के लिए धावक आधिकारिक वेबसाइट स्पोर्ट्स टाइमिंग सॉल्यूशन.इन के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। जिलाध्यक्ष शांतनु सिंह ने कहा कि मैराथन में देश-विदेश के धावक प्रतिभाग कर सकें इसके लिए पांच अप्रैल को अयोध्या सहित अन्य जनपदों में कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए संघ की क्रीड़ा भारती शाखा की ओर से पत्रकार वार्ता का आयोजन किया जाएगा। क्रीड़ा भारती की ओर से आयोजित होने वाली ‘रन फॉर राम’ मैराथन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को भवदीय स्कूल में बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांत प्रचारक कौशल ने की। इस दौरान प्रांत अध्यक्ष गोविन्द पांडेय, हनुमान गढ़ी के महंत गौरीशंकर दास, ब्लाॅक प्रमुख मसौधा अभिषेक सिंह मौजूद रहे।
इनसेट
तीन श्रेणियों में होगी मैराथन की दौड़
- मैराथन को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें प्रथम श्रेणी में 21 किमी हाफ मैराथन, द्वितीय श्रेणी में 10 किमी दौड़ व तृतीय श्रेणी में तीन किमी फैमिली रन का आयोजन किया गया है। मैराथन में धावक रामकथा पार्क से दौड़ प्रारंभ कर राम पथ होते हुए दोबार राम कथा पार्क पर दौड़ समाप्त करेंगे। मैराथन में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। चौदह कोसी मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद फुल मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा।