अयोध्या। सीताकुंड वार्ड में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने करीब 1.86 करोड़ रुपये की लागत से चार निर्माण कार्य कराने की तैयारी की है। नगर निगम के निर्माण विभाग की ओर से इन परियोजनाओं के पूरा होने से नोनहटिया, आनंद बाग और अरण्यपुरम क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
योजना के तहत नोनहटिया मोहल्ले में निशा के मकान से हरीनाथ यादव के मकान होते हुए खंडेश्वरी बाबा से झरना बाग के पीछे तक 39.62 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क व नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा आनंद बाग कॉलोनी में श्रीकांत श्रीवास्तव के मकान से विनय सिंह के मकान होते हुए डॉ. साहब के मकान तक 55.54 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क व नाली बनाई जाएगी।
अरण्यपुरम में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग से विद्या भवन तक 26.80 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क व नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं, पवन साहा के मकान से सुल्तान अंसारी के कार्यालय होते हुए मान सिंह यादव के मकान तक 64.34 लाख रुपये की लागत से रबर मोल्ड इंटरलॉकिंग सड़क व नाली का निर्माण होगा।
अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने बताया कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। सीताकुंड वार्ड के इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और प्रभावी जलनिकासी की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराए जाएंगे और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।