अयोध्या। कहते हैं, मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। अयोध्या के धरमपुर गांव की मिट्टी में जन्मे संतोष कुमार तिवारी ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। गांव की गलियों से निकलकर दिल्ली के सर्वोच्च संस्थानों तक पहुंचने वाली उनकी यात्रा आज पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
वर्ष 2011 में संतोष कुमार तिवारी का चयन भारतीय सांख्यिकी सेवा (आईएसएस) में हुआ। वे 2011 बैच के आईएसएस अधिकारी हैं। उन्होंने अपनी सेवा की शुरुआत प्रधानमंत्री कार्यालय से संबद्ध आर्थिक सलाहकार कार्यालय में सहायक निदेशक के रूप में की।
हाल ही में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, संतोष कुमार तिवारी (आईएसएस) को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर लोकपाल में निदेशक नियुक्त किया गया है। लोकपाल में वे देश की सर्वोच्च भ्रष्टाचार विरोधी संस्था के प्रशासनिक एवं जांच संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। संतोष कुमार तिवारी अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने पिता श्री श्रीचंद्र तिवारी को देते हैं। वे उन्हें अपना गुरु, मार्गदर्शक और जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा मानते हैं।